– सोनू बंसल ने विकास और स्थायी समाधान का दिलाया भरोसा, विधायक गणेश राज बंसल ने फीता काटकर किया कार्यालय का शुभारंभ, बोले-40 से अधिक वार्डों में जीत दर्ज कर बनाएंगे निर्दलीय बोर्ड
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर शहर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जंक्शन के वार्ड नंबर 11 में निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल टीम की प्रत्याशी सोनू बंसल के चुनाव कार्यालय का बुधवार को विधिवत उद्घाटन हुआ। विधायक गणेश राज बंसल ने रिबन काटकर चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया। कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी, समर्थक एवं टीम गणेश राज बंसल के सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान समर्थकों ने प्रत्याशी सोनू बंसल को जीत की शुभकामनाएं देते हुए चुनाव में पूरी मजबूती के साथ जुटने का संकल्प लिया।

उद्घाटन के बाद आयोजित सभा में विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में वर्तमान में टीम गणेश राज बंसल के पक्ष में माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में टीम के प्रत्याशियों को जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि टीम गणेश राज बंसल के प्रत्याशी 40 से अधिक वार्डों में जीत हासिल कर नगर परिषद में निर्दलीय बोर्ड का गठन करेंगे। विधायक ने कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से चुनाव प्रचार में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना तथा उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना ही चुनाव का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने वार्डवासियों से टीम के प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की।
सोनू बंसल ने गिनाईं विकास की प्राथमिकताएं
प्रत्याशी सोनू बंसल ने वार्डवासियों को संबोधित करते हुए आगामी 11 सितंबर को होने वाले मतदान में अपने चुनाव चिह्न बांसुरी पर अधिकाधिक मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद उनका मुख्य उद्देश्य वार्डवासियों के बीच रहकर उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान करवाना रहेगा।

सोनू बंसल ने कहा कि यदि वार्ड की जनता उन्हें पार्षद चुनती है तो वार्ड में स्थायी कार्यालय खोलने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अन्यत्र भटकना नहीं पड़े। वार्डवासी सीधे कार्यालय में अपनी समस्या दर्ज करवा सकेंगे और उसके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी। सड़क, नालियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान करवाने के साथ-साथ वार्ड को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
हरियाली और सौंदर्यीकरण पर भी रहेगा जोर
सोनू बंसल ने कहा कि वार्ड के सौंदर्यीकरण के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। वार्ड में अधिक से अधिक हरियाली विकसित करने, साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने वार्डवासियों को पट्टों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रभावी प्रयास करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को केवल चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारी मानकर उठाया जाएगा।
उद्घाटन में दिखा समर्थकों का उत्साह
चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान वार्ड में समर्थकों का उत्साह नजर आया। बड़ी संख्या में वार्डवासी कार्यक्रम में पहुंचे और प्रत्याशी सोनू बंसल को अपना समर्थन देने की बात कही। इस दौरान टीम गणेश राज बंसल के सदस्यों ने भी चुनाव प्रचार को गति देने और घर-घर संपर्क कर मतदाताओं से समर्थन मांगने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर भी चर्चा हुई। समर्थकों ने सोनू बंसल के पक्ष में अधिकाधिक मतदान करवाने के लिए वार्ड में जनसंपर्क अभियान को तेज करने का संकल्प लिया।
