हनुमानगढ़। नगर निकाय चुनाव को लेकर जंक्शन के वार्ड नंबर 17 में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। बुधवार को विधायक गणेशराज बंसल टीम की प्रत्याशी संतोष बंसल के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विधायक गणेशराज बंसल सहित टीम के समर्थक, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। कार्यालय उद्घाटन के साथ ही वार्ड में चुनाव प्रचार को गति देने की तैयारियां शुरू हो गईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि शहर और वार्ड के समुचित विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना आवश्यक है।

विकास केवल घोषणाओं से नहीं होता, बल्कि इसके लिए सही योजना, प्राथमिकताएं तय करने और धरातल पर कार्य करवाने की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में हनुमानगढ़ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य करवाए गए हैं, जिनका लाभ आमजन को मिला है। विधायक ने वार्डवासियों से कहा कि चुनाव के दौरान कुछ लोग भ्रांतियां फैलाकर और अनर्गल बातें कर मतदाताओं को भ्रमित करने का प्रयास कर सकते हैं।

ऐसे में मतदाताओं को किसी के बहकावे में आने के बजाय पिछले छह वर्षों में हुए विकास कार्यों को ध्यान में रखकर अपने मत का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता स्वयं देख रही है कि शहर में किस प्रकार विकास कार्य हुए हैं और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए गए हैं। गणेशराज बंसल ने कहा कि विकास की गति को आगे भी जारी रखने के लिए नगर परिषद में मजबूत टीम का होना जरूरी है।

उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि विकास के नाम पर टीम गणेशराज बंसल की प्रत्याशी संतोष बंसल को अधिक से अधिक मत देकर विजयी बनाएं, ताकि शहर में योजनाबद्ध विकास को आगे बढ़ाया जा सके। प्रत्याशी संतोष बंसल ने वार्डवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर उनके समाधान के लिए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करेंगी।

उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता का आशीर्वाद मिलने पर वार्ड के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा। इस दौरान समर्थकों ने संतोष बंसल के पक्ष में मतदान की अपील की। कार्यालय उद्घाटन के बाद वार्ड में जनसंपर्क अभियान को और तेज करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों में खासा उत्साह नजर आया।


