– कांग्रेस प्रत्याशी ने वार्डवासियों व कार्यकर्ताओं के साथ दाखिल किया नामांकन, पार्क और बड़े स्कूल की सुविधा दिलाने का किया वादा
हनुमानगढ़। टाउन के वार्ड नंबर 30 से कांग्रेस प्रत्याशी मनमोहन सोनी ने शनिवार को वार्डवासियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर अपना नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया। मनमोहन सोनी ने कहा कि वार्ड की सबसे बड़ी समस्या मीठे पानी की आपूर्ति की है। घरों में शोरायुक्त पानी की सप्लाई होने से वार्डवासी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से इस समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत हैं। वार्ड में पार्क की सुविधा नहीं होने के साथ-साथ कई अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है।

उन्होंने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला और वे पार्षद चुने गए तो वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही पार्क का निर्माण करवाने तथा बच्चों के लिए बड़े स्कूल की सुविधा उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। सोनी ने कहा कि नगर परिषद के निवर्तमान बोर्ड के कार्यों से जनता संतुष्ट नहीं है। ऐसे में इस बार लोगों को कांग्रेस से उम्मीद है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने इस बार जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के साथ मिलकर वार्ड और पूरे शहर के विकास के लिए काम करेंगे।
