– प्रभुदयाल पचार बोले-जीते तो लाइट, पानी, सड़क और नालियों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान; करीब 20 वार्डों में प्रत्याशी उतारने की तैयारी
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) ने नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 35 से पूजा मेघवाल को चुनाव मैदान में उतारा है। शनिवार को पूजा मेघवाल ने रालोपा के चुनाव चिह्न पर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान पार्टी के कई कार्यकर्ता उनके साथ मौजूद रहे। नामांकन के बाद रालोपा के हनुमानगढ़ नगर परिषद प्रभारी प्रभुदयाल पचार ने कहा कि यदि पार्टी प्रत्याशी विजयी होती हैं तो वार्ड की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता से दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाइट, पानी, सड़क और नालियों से जुड़ी समस्याओं का समाधान करवाना पार्टी की प्राथमिकताओं में रहेगा। पचार ने विश्वास जताया कि रालोपा वार्ड नंबर 35 से जीत के साथ नगर परिषद में अपना खाता खोलेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। हनुमान बेनीवाल की ओर से रोपा गया पार्टी का पौधा भविष्य में वटवृक्ष बने, यही कार्यकर्ताओं का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि चुनाव मैदान में निर्दलीय प्रत्याशी भी हैं, लेकिन राजनीतिक दल के प्रत्याशी को संगठन और पार्टी कार्यकर्ताओं का समर्थन मिलता है। उन्होंने बताया कि रालोपा की ओर से हनुमानगढ़ नगर परिषद के करीब 20 वार्डों में प्रत्याशी उतारने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता से किए वादों पर खरा उतरने का प्रयास करेगी। विधानसभा चुनाव के दौरान बने राजनीतिक माहौल का उल्लेख करते हुए पचार ने कहा कि उस समय जनता बदलाव के मूड में थी। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दलीय विधायक भी अब वंशवाद की राह पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पहले वंशवाद के खिलाफ आवाज उठाई थी, उनके परिवार के सदस्यों को चुनाव मैदान में उतारा जा रहा है। पचार ने दावा किया कि जनता इन राजनीतिक परिस्थितियों को समझ रही है और इस बार नगर परिषद चुनाव में कुछ अलग करने के मूड में है।
