– स्काउट गाइड स्थानीय संघ ने किया अभिनंदन, बोले-शिक्षकों के सम्मान के बिना समाज की प्रगति संभव नहीं
हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ हनुमानगढ़ टाउन के तत्वावधान में सोमवार को टाउन स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (फोर्ट) परिसर में विश्व शिक्षक दिवस के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम हाल ही में 30 सितंबर को राजकीय सेवा में प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए सहायक जिला कमिश्नर पुरुषोत्तम शर्मा के सम्मान में आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय संघ की ओर से पुरुषोत्तम शर्मा का सम्मान किया गया। खास बात यह रही कि पुरुषोत्तम शर्मा इसी विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी रहे हैं। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाज जब तक शिक्षकों को सम्मान नहीं देगा, तब तक उसकी प्रगति संभव नहीं है। शिक्षकों का सम्मान करने वाला समाज ही आगे बढ़ता है। सहायक जिला कमिश्नर पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि विश्व शिक्षक दिवस के मौके पर शिक्षकों की ओर से पूरे समाज से आह्वान किया जाता है कि सभी लोग अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलें। जब तक समाज शिक्षकों से नहीं जुड़ेगा, तब तक शिक्षा उस गति से आगे नहीं बढ़ पाएगी, जिस गति से बढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा देश पहले विश्व गुरु हुआ करता था और अब फिर विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसमें शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है, जो तन-मन से इस कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने शिक्षकों से ईमानदारी से अपने दायित्व का निर्वहन करने तथा बच्चों में स्वयं को देखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वयं में जो कमियां रह गई हैं, वे बच्चों में नहीं रहनी चाहिए। जिस दिन बच्चों की कमियां दूर हो जाएंगी, देश अपने आप आगे बढ़ जाएगा। पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि वर्तमान में शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच संबंध पहले की अपेक्षा अधिक अनौपचारिक हुए हैं। शिक्षक का बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार अच्छी बात है, लेकिन शिक्षक और शिक्षार्थी के बीच एक मर्यादित दूरी होना भी जरूरी है। शिक्षक ऐसा आचरण रखें कि बच्चे उन्हें अपना आदर्श मानें। उन्होंने शिक्षकों से अपनी गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रामसिंह जस्सल सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
