ऐलनाबाद। सिख इतिहास के महान शहीद बाबा दीप सिंह जी की पावन स्मृति में ऐलनाबाद के ममेरा रोड स्थित शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब में सालाना शहीदी जोड़ मेला का आयोजन 9 व 10 फरवरी 2026 को श्रद्धा, सम्मान और धार्मिक मर्यादा के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ 9 फरवरी को किया जाएगा, जबकि 10 फरवरी 2026 को भोग के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। मेले के दौरान भव्य कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें रागी जत्थों द्वारा गुरु महिमा का गुणगान किया जाएगा। मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर लगाया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में संगत प्रसाद ग्रहण करेगी। आयोजन समिति द्वारा संगत की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी क्रम में 10 फरवरी 2026 (मंगलवार) को दोपहर 12 बजे गुरुद्वारा साहिब परिसर में अमृत संचार का भी आयोजन किया जाएगा। इस पावन कार्यक्रम में वे श्रद्धालु भाग ले सकेंगे, जो अमृत छककर गुरु मर्यादा को अपनाना चाहते हैं। आयोजन समिति ने समस्त संगत से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता करें, गुरु कृपा प्राप्त करें और सिख शहीदों को नमन करें।
