ऐलनाबाद। शहर के रेलवे स्टेशन स्थित श्री दुर्गा मंदिर, रेलवे रोड में श्री राम संकीर्तन मंडल की ओर से भव्य संकीर्तन एवं भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाई और भक्ति रस में सराबोर हो गए।

कार्यक्रम की शुरुआत माता रानी की पावन प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर श्री दुर्गा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान अशोक धानुका ने श्री राम संकीर्तन मंडल के प्रधान पुरुषोत्तम धानुका को पटका पहनाकर सम्मानित किया और मंडल द्वारा की जा रही धार्मिक सेवाओं की सराहना की। संकीर्तन के दौरान मंडल के कलाकारों ने माता रानी के एक से बढ़कर एक मधुर एवं भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुनों और भक्ति भाव से ओत-प्रोत माहौल ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा और भक्तजन भक्ति में झूमते नजर आए।

कार्यक्रम में दीनदयाल धानुका, मदन लाल शर्मा, संदीप तलवाडिया, एम.पी. तंवर, मोहित बंसल और राजकुमार बनीवाले सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसी क्रम में गत दिवस सिद्धपीठ श्री श्याम मंदिर के पुजारी सुभाष ने सांयकालीन आरती में भाग लिया। वहीं संत विजयानंद गिरी महाराज ने भी श्री दुर्गा मंदिर में माथा टेककर श्रद्धालुओं को अपने प्रवचनों से आध्यात्मिक मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
संवाददाता- रमेश भार्गव
