oplus_0
– शहरों के समग्र विकास को लेकर भाजपा ने जारी किया नगरीय विकास संकल्प-पत्र
हनुमानगढ़। राजस्थान सरकार एवं भारतीय जनता पार्टी की ओर से नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर नगरीय विकास संकल्प-पत्र जारी किया गया है। इसी संकल्प-पत्र में शामिल घोषणाओं एवं विकास कार्यांे को आधार बनाकर भाजपा प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं। शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने संकल्प-पत्र की प्रमुख घोषणाओं की जानकारी दी। डेलू ने बताया कि संकल्प-पत्र में आवासीय भूखंड, घरेलू पीएनजी, पिंक टॉयलेट्स, स्ट्रीट लाइट, वरिष्ठ नागरिक सेवा केन्द्र, विक्रेताओं एवं चालकों का बीमा, कचरा मुक्त शहर, फूड कोर्ट, कचरा वाहनों की ट्रैकिंग, सीवरेज व्यवस्था, निराश्रित पशुओं के लिए शेल्टर होम, सीसीटीवी कैमरे, प्रमुख मार्गांे का विकास, पर्यावरण अनुकूल ट्रैक एवं ओपन जिम तथा इनडोर स्टेडियम जैसी सुविधाओं को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इन घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार ने बजट का प्रावधान किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत-2047 के विजन की कड़ी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विकसित राजस्थान-2047 का विजन है। यह लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब प्रदेश के प्रत्येक शहर का योजनाबद्ध एवं समग्र विकास हो। डेलू ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने चुनाव से पहले जारी घोषणा-पत्र में किए गए वादों में से 90 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार की ओर से करीब तीन माह पहले शहरी क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर सर्वे करवाया गया था। सर्वे के दौरान शहरी क्षेत्र के विभिन्न वर्गांे की मूलभूत आवश्यकताओं एवं समस्याओं को चिह्नित किया गया। स्थानीय स्तर पर भी समस्याओं को अलग से चिह्नित कर राज्य सरकार को भेजा जाएगा, ताकि उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला सहप्रभारी जितेन्द्र शर्मा, निकाय संयोजक ओम सोनी एवं जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल भी मौजूद रहे।
