टिब्बी। समीपवर्ती ग्राम सालीवाला में गुरुवार शाम डॉ. अंबेडकर नवयुवक संघ द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आगामी जयंती को हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण ढंग से मनाने के लिए विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंबेडकर नवयुवक संघ ब्लॉक टिब्बी के अध्यक्ष एडवोकेट अमर सिंह ने की। बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने समाज में एकता को मजबूत करने तथा शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। इस दौरान अंबेडकर जयंती के आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न कार्यक्रम तय किए गए। निर्णय लिया गया कि टिब्बी कस्बे में अंबेडकर जयंती के अवसर पर विशाल प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करेंगे। साथ ही इस वर्ष समारोह के दौरान समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने पर विशेष फोकस रहेगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि 15 अप्रैल 2025 से 14 अप्रैल 2026 के बीच सरकारी सेवाओं में चयनित कार्मिकों, राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में जगदीश कुमार, चिंरजीवी लाल, महेंद्र कुमार, राजेश कुमार, पवनदीप, विजय पाण्डे, अजयवीर, सुनील मिस्त्री, राजेंद्र पाण्डे और मांगीलाल मास्टर सहित कई गणमान्य सदस्य व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।
संवाददाता- प्रभु राम
