हनुमानगढ़। जिले के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने पदभार ग्रहण करने के बाद शनिवार को पुलिस थाना टिब्बी एवं तलवाड़ा का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना स्टाफ के साथ बैठक कर क्षेत्र में होने वाले अपराधों, कानून व्यवस्था की स्थिति तथा पुलिस कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की। एसपी मीना ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि टिब्बी और तलवाड़ा थाना क्षेत्र हरियाणा राज्य की सीमा से सटे हुए हैं।

सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां बाहरी अपराधियों के आवागमन की संभावना अधिक रहती है। ऐसे में पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा सीमावर्ती मार्गों और गांवों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए सूचना तंत्र को मजबूत करना बेहद जरूरी है।

स्थानीय स्तर पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही थाना क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन के साथ समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए और पेंडेंसी को कम किया जाए।

साथ ही जांच की गुणवत्ता में सुधार लाने और प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान वृत्ताधिकारी संगरिया रमेश माचरा, पुलिस थाना टिब्बी के थानाधिकारी हंसराज लूणा तथा पुलिस थाना तलवाड़ा के थानाधिकारी जगदीश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
