हनुमानगढ़। जिले में संगठित अपराधों और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा शुक्रवार को एक दिवसीय “एरिया डोमिनेशन अभियान” चलाया गया। इस व्यापक अभियान के तहत 249 पुलिसकर्मियों की 60 टीमों का गठन कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 199 स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। अभियान के दौरान पुलिस ने नशा तस्करी, अवैध हथियार, सट्टा तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त कुल 110 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत कुल 15 प्रकरण दर्ज किए और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ तथा अवैध सामग्री बरामद की। पुलिस द्वारा 741 ग्राम अवैध अफीम, 1 किलो 180 ग्राम डोडा पोस्त, 18.38 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 74 लीटर देशी शराब बरामद की गई। इन मामलों में 09 आरोपियों को पुलिस थाना गोलूवाला, हनुमानगढ़ जंक्शन, सदर, पीलीबंगा, रावतसर, खुईया, पल्लू, गोगामेड़ी, हनुमानगढ़ टाउन और टिब्बी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य अधिनियमों के तहत भी 15 प्रकरण दर्ज कर 14 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 धारदार कापे, 1810 प्रतिबंधित नशीली गोलियां और 5890 रुपये की सट्टा राशि भी जब्त की।





वांछित अपराधियों पर भी शिकंजा
अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में फरार चल रहे अपराधियों की धरपकड़ भी की। इसमें 06 हिस्ट्रीशीटर/ईनामी अपराधी, 09 स्थाई वारंटी या उद्घोषित अपराधी, 04 जघन्य अपराधों में वांछित आरोपी और 01 सामान्य अपराध में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा दो गैंगस्टरों के फॉलोवर्स सहित कुल 67 लोगों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने दिए थे विशेष निर्देश
पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में बढ़ती नशा तस्करी और अपराधों की रोकथाम के लिए “एरिया डोमिनेशन अभियान” चलाया गया। उन्होंने बताया कि जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में एक दिवसीय विशेष अभियान चलाकर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नोहर) गीता चौधरी के निकटतम सुपरविजन में संचालित किया गया। अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ दबिश देकर नशा तस्करों, अपराधियों और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी की।
गोलूवाला पुलिस ने अफीम के साथ आरोपी को दबोचा
अभियान के तहत पुलिस थाना गोलूवाला की टीम ने गश्त के दौरान थिराजवाला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सुमन कुमार (52) निवासी वार्ड नंबर 8 थिराजवाला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 741 ग्राम अवैध अफीम बरामद की। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक लालबहादुरचन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जंक्शन थाना पुलिस ने हेरोइन के साथ युवक पकड़ा
पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन के थानाधिकारी रामचन्द्र कस्वां के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को पकड़ा। जांच के दौरान आरोपी दिवाशु (19) निवासी चक 24 एसटीजी दुलमाना के पास से 10.25 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रावतसर में दो अलग-अलग कार्रवाइयाँ
रावतसर थाना पुलिस ने अभियान के दौरान दो महत्वपूर्ण कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में पुलिस ने बबलू सोनी (24) निवासी रावतसर को 6 ग्राम 14 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया। दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने विष्णु (30) निवासी वार्ड नंबर 34 रावतसर को एक धारदार कापे के साथ गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके अतिरिक्त रावतसर पुलिस ने महबूब खान उर्फ लीलू (45) निवासी वार्ड नंबर 2 रावतसर को भी एक धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया।
सदर थाना पुलिस ने भी पकड़ा आरोपी
पुलिस थाना सदर हनुमानगढ़ की टीम ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान सुभाष (27) निवासी धोलीपाल को 2 ग्राम 4 मिलीग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।
फेफाना और संगरिया में नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तारी
फेफाना थाना पुलिस ने बलविंद्र सिंह उर्फ बिंद्र (35) निवासी रतनपुरा को 610 प्रेगाबालिन कैप्सूल और टैपेंटाडोल टैबलेट्स के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसी प्रकार संगरिया थाना पुलिस ने सोनू उर्फ जितेंद्र सिंह (35) निवासी मोरजंड सिखान को 610 नशीले प्रेगाबालिन कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया।
गोलूवाला में डोडा पोस्त और नशीले कैप्सूल बरामद
गोलूवाला थाना पुलिस ने गश्त के दौरान मनोज पुत्र विजयपाल ओड़ निवासी लोंगवाला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1180 ग्राम अवैध डोडा पोस्त और 600 नशीले प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए।
फरार महिला आरोपी भी गिरफ्तार
संगरिया थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में फरार चल रही महिला आरोपी छिन्द्रपाल कौर (29) निवासी फतेहपुर को गिरफ्तार किया। उल्लेखनीय है कि 25 नवंबर 2025 को पुलिस ने दो आरोपियों को चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ में बताया था कि उन्होंने यह मादक पदार्थ छिन्द्रपाल कौर से खरीदा था।
पुलिस का संदेश – नशा तस्करों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी
पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने कहा कि जिले में नशा तस्करी और संगठित अपराधों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी चलाए जाते रहेंगे। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि किसी को अपने क्षेत्र में नशा तस्करी या आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराध पर अंकुश लगाया जा सके। इस व्यापक अभियान से जिले में अपराधियों में हड़कंप मच गया है और पुलिस की सक्रियता से आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।

