हनुमानगढ़। जिले के टाउन क्षेत्र से एक युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन द्वारा जारी गुमशुदगी के इश्तहार के अनुसार 26 वर्षीय युवक ललित बीते 26 फरवरी 2026 से लापता है। पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए युवक के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल सूचित करने का आग्रह किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक ललित के पिता का नाम मातू राम है तथा वह जाति से कुम्हार है। ललित की उम्र 26 वर्ष, रंग गेहुआ तथा कद लगभग 5 फुट 8 इंच बताया गया है। वह हनुमानगढ़ टाउन क्षेत्र के नंद राम की ढाणी का निवासी है। परिजनों के अनुसार ललित 26 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे भद्रकाली मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकला था। बताया गया कि मंदिर जाने के बाद वह हनुमानगढ़ टाउन में स्थित एक दुकान पर गया, जहां से दोपहर लगभग 2:30 बजे घर लौटने की बात कही थी। इसके बाद वह न तो घर पहुंचा और न ही परिजनों से कोई संपर्क हो सका।

परिजनों का कहना है कि ललित का मोबाइल फोन भी उसी समय से बंद आ रहा है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है। ललित के लापता होने के समय उसने सफेद रंग की शर्ट, फुल पैंट तथा पैरों में जूते पहन रखे थे। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारी और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर इश्तहार जारी किया। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को ललित के बारे में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो तुरंत परिजनों या पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
ललित के संबंध में जानकारी देने के लिए निम्न संपर्क सूत्र जारी किए गए हैं—
9252987286 (गिर्राज कुमार), 7568197286 (मातू राम), 9887059952 (सुरेंद्र कुमार)।
इसके अतिरिक्त पुलिस नियंत्रण कक्ष हनुमानगढ़ टाउन के दूरभाष नंबरों पर भी संपर्क किया जा सकता है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और युवक की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। परिजन किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित हैं और जल्द से जल्द ललित के सुरक्षित मिलने की उम्मीद जता रहे हैं।
