ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरसा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला की एबीवीटी स्टाफ सिरसा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एबीवीटी स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक गुरमेश ने बताया कि रविंद्र कुमार पुत्र कृष्ण लाल, निवासी सुभाष बस्ती, सिरसा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार 4 जुलाई 2025 को दोपहर के समय वह अपने बच्चों को स्कूल से लेने के लिए बी-ब्लॉक स्थित जीआरजी स्कूल गया था। उसने अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी स्कूल के बाहर गेट पर खड़ी की और बच्चों को लेने अंदर चला गया। कुछ समय बाद लौटने पर उसकी स्कूटी मौके से गायब मिली, जिसे अज्ञात युवक चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना शहर सिरसा में चोरी का मामला दर्ज कर जांच एबीवीटी स्टाफ सिरसा पुलिस को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी राधेश्याम पुत्र हेतराम, निवासी अरनियांवाली, जिला सिरसा को बाईपास रोड सिरसा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित कुल पांच बाइक बरामद की गई हैं। एबीवीटी स्टाफ प्रभारी ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए लगातार बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।
