ऐलनाबाद। अखिल भारतीय सिविल सेवा वॉलीबॉल प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला) में भाग लेने के लिए सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के चयन हेतु 13 मार्च 2026 को द्रोणाचार्य स्टेडियम, कुरुक्षेत्र में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर ट्रायल में भाग ले सकते हैं। जिला खेल अधिकारी जगदीप ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रायल में भाग लेने वाले सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सुबह 10 बजे तक द्रोणाचार्य स्टेडियम में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। चयनित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए संबंधित विभाग की ओर से टीए और डीए प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ट्रायल में भाग लेने वाले कर्मचारियों को अपने विभाग या कार्यालय से जारी प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा, जिसमें यह उल्लेख हो कि वे संबंधित विभाग के अधिकारी या कर्मचारी हैं। जिला खेल अधिकारी ने स्पष्ट किया कि रक्षा सेवाओं, पैरा मिलिट्री संगठनों, केंद्रीय पुलिस संगठनों, पुलिस, आरपीएफ, सीआईएसएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी और एनएसजी से जुड़े कर्मचारी प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे। इसके अतिरिक्त केंद्रीय मंत्रालयों के प्रशासनिक नियंत्रण वाले स्वायत्त निकायों, उपक्रमों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारी, आकस्मिक या दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी, अस्थायी ड्यूटी पर कार्यरत कर्मचारी तथा ऐसे नए भर्ती कर्मचारी जिनकी सेवा अवधि छह महीने से कम है, वे भी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पात्र नहीं होंगे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
