हनुमानगढ़। अज्ञात वाहन की टक्कर से एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। पीलीबंगा थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में भरत कुमार (32) पुत्र मदनलाल जाट निवासी पंडितांवाली हाल वार्ड चार, मंडी पीलीबंगा ने बताया कि 22 मार्च को सुबह करीब 6 बजे उनके दादा पृथ्वीराज पुत्र कानाराम खेत की ओर पैदल जा रहे थे। करीब 6.45 बजे गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर चौहिलांवाली की तरफ पहुंचने पर साइड में खड़े पृथ्वीराज को किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। हादसे में पृथ्वीराज के पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए बेनीवाल अस्पताल, हनुमानगढ़ टाउन लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई संजय कुमार के सुपुर्द की गई है।
