हनुमानगढ़। नगर परिषद की ओर से सूरतगढ़ रोड पर स्थित जेल के पास बने अण्डरपास की दीवारों पर पेंटिंग करवाने का कार्य करवाया जा रहा है। इसके अंतर्गत नशा मुक्ति, पर्यावरण, स्वच्छता, कल्चरल आदि थीम पर पेंटिंग करवाई जा रही है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को सुंदर बनाना, स्थानीय संस्कृति और इतिहास को दर्शाना और शहरी सौंदर्यकरण को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक बुराइयों के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता आदि के लिए आमजन को प्रेरित करना है।

जिला कलक्टर के आदेशानुसार यह कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। खास बात यह कि इसमें से कुछ पेंटिंग हनुमानगढ़ क्षेत्र के बच्चों की ओर से ही बनाई गई है। जिला कलक्टर की ओर से चलाए जा रहे मानस अभियान के तहत पिछले दिनों पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। उस प्रतियोगिता में अव्वल रहे प्रतिभागियों की पेंटिंग को भी अण्डरपास में बनाई जा रही पेंटिंग में शामिल किया गया है।

इससे वह बच्चे भी प्रेरित होंगे जिनकी पेंटिंग अण्डरपास में बनाई गई है और बनाई जा रही है। इससे अन्य बच्चे भी प्रेरित होंगे। नगर परिषद से जिला परियोजना अधिकारी आंचल फुटेला ने कहा कि अगर हम किसी को पर्यावरण, स्वच्छता, नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करना चाहते हैं तो इस विषय पर भाषण देंगे लेकिन अधिकतर लोग भाषण सुनने के इच्छुक नहीं होते।

अगर इस विषय पर कोई पम्फलेट आदि छपवाए जाते हैं तो भी अधिकतर लोग एक पॉइंट के बाद ऊब जाते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए नगर परिषद की ओर से अण्डरपास की दीवारों पर पेंटिंग करवाने का कॉन्सेप्ट चयनित किया।

यह आकर्षित करने वाला भी है। जब भी कोई व्यक्ति अण्डरपास से निकलेगा तो आकर्षित होगा और इसे पढ़ेगा और इसे अपने जीवन में अपनाने के लिए कहीं न कहीं प्रेरित होगा। उन्होंने बताया कि सूरतगढ़ अण्डरपास में पेंटिंग बनाने का कार्य पूर्ण होने के पश्चात इसके सकारात्मक रूझान सामने आने के बाद शहर के अन्य अण्डरपास में भी इस तरह की पेंटिंग बनाए जाने की योजना है।

