लखनऊ। अलीगंज अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में छात्र पंचायत के बैनर तले छात्रों ने हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। इस दौरान छात्रों ने कैंडल जलाकर मृतकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। श्रद्धांजलि सभा में शामिल छात्रों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। छात्रों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर न्याय की मांग की तथा पीड़ित परिवारों को उचित सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित विभागों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी भी की। उनका कहना था कि यदि प्रशासन और संबंधित विभागों ने समय रहते अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया होता, तो इतनी बड़ी जनहानि नहीं होती। छात्र पंचायत के अध्यक्ष शिवम पांडे ने कहा कि यह केवल 15 छात्रों की मौत का मामला नहीं, बल्कि व्यवस्था की गंभीर विफलता का परिणाम है। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात भी कही। शिवम पांडे ने कहा कि प्रशासन को छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों और अन्य शैक्षणिक परिसरों में अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित छात्रों ने सरकार से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने तथा अग्निकांड की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को दंडित करने की मांग की। कार्यक्रम का समापन मृतक छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।
