हनुमानगढ़। मानसून की दस्तक के साथ तेज आंधी-तूफान की आशंका बढ़ने लगी है, लेकिन शहर में पिछले दिनों आई आंधी से क्षतिग्रस्त हुए कई सार्वजनिक ढांचे अब भी प्रशासन की अनदेखी का शिकार बने हुए हैं। शहर के व्यस्त मार्गांे पर क्षतिग्रस्त प्रवेश द्वार और झुके हुए संकेतक बोर्ड किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। इसे लेकर सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि समय रहते मरम्मत नहीं करवाई गई तो जनहानि की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। सर्वसमाज ई-रिक्शा यूनियन के तहसील अध्यक्ष विकास झोरड़ ने बताया कि जंक्शन में सूरतगढ़ फोरलेन पर ड्रीमलैंड कॉलोनी के आगे स्थित आरएसआरडीसी का प्रवेश द्वार पिछले दिनों आई तेज आंधी के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रवेश द्वार पर लगे पत्थर हिल चुके हैं और गिरने की स्थिति में हैं। उन्होंने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में यदि तेज हवा या बारिश के दौरान प्रवेश द्वार का कोई हिस्सा गिरता है तो बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने बताया कि फोरलेन के डिवाइडर के बीच लगे कई विद्युत पोल भी टेढ़े हो चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। विकास झोरड़ ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि हर बार प्रशासन को जनता को ही संभावित खतरे से अवगत कराना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि मानसून के दौरान किसी अप्रिय घटना से पहले ही प्रवेश द्वार और क्षतिग्रस्त पोलों की मरम्मत कराई जाए।

इधर, आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रेवंतराम पंवार ने जंक्शन स्थित अंबेडकर चौक और जाट धर्मशाला के बीच लगे गुरु तेग बहादुर मार्ग के संकेतक बोर्ड की जर्जर स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि हाल ही में आई आंधी के कारण बोर्ड कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुका है और अब वह कभी भी गिर सकता है। यह शहर का प्रमुख मार्ग है, जहां दिनभर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही रहती है। ऐसे में क्षतिग्रस्त बोर्ड किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है। रेवंतराम पंवार ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की कि क्षतिग्रस्त बोर्ड को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाए ताकि संभावित दुर्घटना टाली जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर बोर्ड की मरम्मत नहीं करवाई गई तो आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर भारत एकता मिशन भीम आर्मी जिलाध्यक्ष संतोष पूनिया, लोजपा जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र भी मौजूद रहे।
