हनुमानगढ़। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान की ओर से नगरपालिका आम चुनाव, अगस्त-सितंबर 2026 की घोषणा के बाद निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही है। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त को लोक सूचना जारी होने के साथ ही नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने एवं दाखिल करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार नाम निर्देशन पत्र 27, 29 एवं 31 अगस्त (रविवार एवं रक्षाबंधन के अवकाश को छोड़कर) सुबह 10.30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मॉडर्न रिकॉर्ड रूम एवं जिला भू-अभिलेखागार, प्रथम तल हॉल, कलक्ट्रेट परिसर, हनुमानगढ़ में स्वीकार किए जाएंगे। भू-अभिलेखागार में केवल नगर परिषद हनुमानगढ़ के नाम निर्देशन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। नाम निर्देशन पत्र जमा करवाने की उपरोक्त व्यवस्था भी नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 1 से 60 के लिए रहेगी। निर्वाचन व्यवस्था के तहत वार्ड संख्या 1 से 20 के नाम निर्देशन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर (उपखंड अधिकारी) हनुमानगढ़, वार्ड संख्या 21 से 40 के नामांकन सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (तहसीलदार) हनुमानगढ़ तथा वार्ड संख्या 41 से 60 के नामांकन सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (उप पंजीयक) हनुमानगढ़ की ओर से प्राप्त किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों एवं समय के भीतर आवश्यक दस्तावेजों सहित नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने की अपील की है।
