हनुमानगढ़। जंक्शन के सेक्टर छह स्थित एलबीएस पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुक्रवार को पगड़ी व माला पहनाकर सम्मानित किया गया। विद्यालय में खुशी का माहौल रहा और इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम बताया गया। बोर्ड परीक्षा में अनामिका ने 94 प्रतिशत, कुसुम ने 88 प्रतिशत, पूनम पारीक ने 87.20 प्रतिशत, अंशिका ने 85 प्रतिशत, खुशबू ने 82 प्रतिशत तथा कविता ने 81.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस मौके पर विद्यार्थियों के सम्मान में रैली का आयोजन भी किया गया, जो विभिन्न वार्डांे से होकर गुजरी। रैली के दौरान अभिभावकों ने विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। विद्यालय के निदेशक रणजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने सभी अभिभावकों एवं स्टाफ को बधाई देते हुए इसे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया। इस मौके पर विद्यालय की अध्यक्ष बलजीत कौर, संदीप कुमार, ममता, मनीषा, निलाक्षी, ऊषा सहित अन्य स्टाफ सदस्य एवं अभिभावक मौजूद रहे।
