– जनसमस्याओं के समाधान को लेकर हुई सकारात्मक वार्ता, तय समय सीमा में कार्रवाई का मिला भरोसा
संगरिया। उपखंड क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 13 अप्रैल 2026 से उपखंड कार्यालय के समक्ष जारी सत्याग्रह आंदोलन को शुक्रवार को संघर्ष समिति संगरिया ने स्थगित कर दिया। यह निर्णय उपखंड अधिकारी के साथ हुई सकारात्मक एवं सार्थक वार्ता के बाद लिया गया। संघर्ष समिति की ओर से उपखंड अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि जनसमस्याओं के समाधान के संबंध में सत्याग्रहियों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया था। बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक में उपखंड अधिकारी ने आश्वस्त किया कि उपखंड स्तर से संबंधित विभिन्न जनसमस्याओं का निर्धारित समय सीमा में समाधान कर आमजन को राहत प्रदान की जाएगी। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद संघर्ष समिति ने अपना आंदोलन फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की। संघर्ष समिति के संरक्षक मेजर सिंह जनसेवक ने कहा कि प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप कार्यवाही की उम्मीद है। यदि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो समिति आगे की रणनीति पर विचार करेगी।
