हनुमानगढ़। गांव करणीसर सहजीपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में उच्च माध्यमिक परीक्षा 2026 का परिणाम उत्कृष्ट रहा। परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में बुधवार को गांव में रैली का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार ने उच्चतम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के घर जाकर उन्हें बधाई दी गई। परीक्षा प्रभारी लालचंद मानव ने बताया कि इस वर्ष लवदीप ने 94.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रोहित ने 92.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरे स्थान पर लक्ष्मी रही, जिन्होंने 92 प्रतिशत अंक अर्जित किए। इसके अलावा भाविका ने 91.80 प्रतिशत और प्रिया ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। परीक्षा में कुल 39 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें से 34 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी और 5 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। विशेष रूप से लक्ष्मी ने राजनीति विज्ञान विषय में शत प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय के लिए कीर्तिमान स्थापित किया। प्रधानाचार्य जसपाल अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी। रैली के आयोजन में उपप्राचार्य राजेंद्र सिंह, प्रियंका अरोड़ा, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक नीरज कुमार, बेअंत कौर, सरिता कुमारी, दासराम, ममता जांगिड़, राजेंद्र सिंह, प्रेमकुमार, भोला सिंह और कनिष्ठ सहायक सीता का योगदान रहा।
