हनुमानगढ़। खुइयां थाना क्षेत्र में पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कार में बैठकर नशा करते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 2.30 ग्राम हेरोइन बरामद कर कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ खुइयां पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार खुइयां थाना प्रभारी राधेश्याम के टीम के साथ गांव खुइयां, राणीसर और बाच्छुसर क्षेत्र में गश्त पर थे। गश्त के दौरान टीम खुइयां फांटा से तारानगर रोड पर राणीसर माइनर की पुलिया के पास पहुंची। वहां नहर के किनारे पेड़ के नीचे एक सफेद रंग की कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। कार की पीछे की नम्बर प्लेट नहीं थी, जबकि आगे की प्लेट पर हरियाणा नम्बर एचआर 16 क्यू 5117 अंकित था। संदेह होने पर पुलिस टीम कार के पास पहुंची तो चालक सीट पर बैठे एक व्यक्ति को लाइटर और सिल्वर रोल की मदद से नशा करते हुए देखा गया। उसके मुंह में रोल किया हुआ नोट था और वह सिल्वर रोल को गर्म कर उससे निकलने वाले धुएं को नोट के जरिए अंदर खींच रहा था। पुलिस को देखते ही युवक घबरा गया और कार से उतरने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे वहीं रोक लिया। पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम कमल कुमार (30) पुत्र महावीर दास माली निवासी वार्ड 22, साहवा बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह हेरोइन (चिट्टा) का सेवन कर रहा था। तलाशी के दौरान युवक की शर्ट की जेब से एक पारदर्शी प्लास्टिक थैली मिली, जिसमें मटमैले रंग का ठोस पदार्थ था। जांच करने पर यह पदार्थ हेरोइन पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर इसकी मात्रा 2.30 ग्राम निकली। इसके अलावा युवक के पास से एक हरे रंग का लाइटर, सिल्वर रोल का टुकड़ा और 10 रुपए का नोट भी बरामद हुआ, जिनका उपयोग नशा करने में किया जा रहा था। पुलिस ने हेरोइन बरामद कर कार को एनडीपीएस एक्ट की धारा 60 के तहत जब्त कर लिया। पूछताछ में पुलिस ने आरोपी से हेरोइन के स्रोत और खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी कमल कुमार को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच नोहर थाना के एसआई पृथ्वीसिंह को सौंपी गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी राधेश्याम, एएसआई भंवरलाल, हैड कांस्टेबल पवन सिंह व कांस्टेबल मांगीलाल शामिल रहे।
