रावतसर। भारतीय किसान संघ रावतसर तहसील की टोली बैठक किसान विश्राम गृह में तहसील अध्यक्ष जयवीर गोदारा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में रावतसर खरीद केंद्र पर सरकारी गेहूं खरीद में हुए कथित घोटाले पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने उपखंड अधिकारी विनोद कुमार गोदारा से मुलाकात कर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। इस दौरान तहसील अध्यक्ष जयवीर गोदारा ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में हो रही देरी से कई तरह के संदेह पैदा हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग एक महीने से यह मामला चल रहा है और संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नोटिस से आगे नहीं बढ़ सकी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भारतीय किसान संघ इस मामले में चुप नहीं बैठेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रखेगा। इस पर उपखंड अधिकारी विनोद कुमार गोदारा ने तीन-चार दिनों के भीतर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा ने आरोप लगाया कि पूरे जिले में गेहूं खरीद में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने जिले में हुए सभी गेहूं खरीद पंजीकरणों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि दोष सिद्ध होने के बावजूद अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि किसी आम व्यक्ति पर ऐसे आरोप होते तो क्या उसे भी इतनी छूट मिलती। भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की हेराफेरी करने का साहस न कर सके। उपखंड अधिकारी से मुलाकात करने वालों में तहसील मंत्री जयपाल खोड, तहसील प्रचार प्रमुख मदन गोपाल, तहसील जैविक प्रमुख शिव पुरोहित, तहसील सिंचाई प्रमुख विजय पाल सुथार, तहसील सह मंत्री ताराचंद उलानिया तथा महेंद्र भाखर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
