
हनुमानगढ़। गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों व माता गुजर कौर की शहादत को समर्पित सात दिवसीय शहीदी सप्ताह का आयोजन टाउन में फतेहगढ़ मोड स्थित बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक खण्डा साहिब चौक में हर साल की भांति इस बार भी किया जा रहा है।

21 दिसम्बर से शुरू हुआ शहीद सप्ताह 27 दिसम्बर तक चलेगा। शहीदी सप्ताह के दौरान बुधवार रात्रि को सतनाम सिंह जत्था की ओर से संगत को छोटे साहिबजादों के इतिहास का श्रवण करवाया गया। 25 व 26 दिसम्बर को कथावाचक गुरप्रीत सिंह श्रीगंगानगर वाले कथा गुरुवाणी का श्रवण संगत को करवाएंगे। 27 दिसम्बर को कीर्तन दरबार सजेगा। बाबा बंदा सिंह बहादुर सेवा सोसायटी की ओर से यह पहल संगत के बच्चों को सिख इतिहास से रूबरू करवाने के मकसद से की गई है।

सोसायटी के सेवादार कुलविन्द्र सिंह के अनुसार समागम के दौरान बच्चों को अलग-अलग ग्रुपों में विभाजित कर उनसे सिख गुरुओं की शहादत से जुड़े प्रश्न पूछे जा रहे हैं। सही उत्तर देने वाले बच्चों को सम्मानित किया जा रहा है।
