हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत डबली वास पेमा के 14 जेआरके-बी स्थित चेना वास में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क के सौंदर्यकरण की दिशा में डॉ. भीमराव अंबेडकर नवयुवक संघ ने सराहनीय पहल की है। संघ की ओर से जनसहयोग से पार्क में पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसके तहत करीब 120 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधे पंजाब के मौजगढ़ स्थित श्री श्याम फ्रूट नर्सरी से मंगवाए गए। पौधारोपण अभियान के दौरान पोस्टल पाम, अशोक, ब्लैक फाइकस, मोरपंखी, रेड बछेरा, चांदनी और गंधराज सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधों को व्यवस्थित तरीके से रोपकर पार्क को हरा-भरा और आकर्षक स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। डॉ. भीमराव अंबेडकर नवयुवक संघ के अध्यक्ष अनिल सुथार ने बताया कि पार्क में पिछले करीब 12 वर्षांे से रूड़ी, प्लास्टिक और अन्य कचरा डाले जाने के कारण इसकी स्थिति खराब हो गई थी।

पार्क की बदहाली को देखते हुए संघ ने इसके सौंदर्यकरण का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सबसे पहले पार्क की बाउंड्री के लिए तारबंदी और सीमेंट के पोल लगाए गए। इसके बाद मिट्टी भराई करवाकर भूमि को व्यवस्थित किया गया और अब पौधारोपण का कार्य किया जा रहा है। सुथार ने कहा कि संघ का उद्देश्य केवल पार्क को पौधों से हरा-भरा करना नहीं है, बल्कि इसे ग्रामीणों के लिए स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी स्थल बनाना है। पार्क के सौंदर्यकरण के प्रयासों को देखकर ग्रामीणों और मोहल्लेवासियों ने खुशी जताते हुए नवयुवक संघ के प्रयास की सराहना की। पौधों को फंगस से बचाने और उनकी बेहतर वृद्धि के लिए कुलदीप रणवां ने अपनी फैक्ट्री की ओर से फ्यूचर फार्मिंग सॉल्यूशन ऑर्गेनिक कार्बन पोटैशियम फॉस्फोनेट दवा के सात पैकेट सहयोग स्वरूप उपलब्ध करवाए। पौधारोपण के दौरान दवा को मिट्टी में मिलाकर पौधे लगाए गए। नवयुवक संघ ने इस सहयोग के लिए कुलदीप रणवां का आभार जताते हुए कहा कि जनसहयोग से ही पार्क को बेहतर और सुंदर स्वरूप देने का अभियान आगे बढ़ रहा है। पौधारोपण अभियान में साहबराम लोथिया, डूंगरराम कालवा, रामकुमार वर्मा, बनवारी लाल वर्मा, ओम प्रकाश बेनीवाल, सुभाष बरोड़, इंद्राज, विनोद नायक, भीमसैन बिरट, सुभाष दुगरिया, सुरजीत बिरट और रामस्वरूप कालवा सहित अन्य ग्रामीणों ने सहयोग किया।
