हनुमानगढ़। आजाद समाज पार्टी एवं भीम आर्मी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर लीलांवाली गांव में कथित जातिसूचक गाली-गलौज, विवाद और पुलिस कार्रवाई के मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। वार्ड नम्बर 5, लीलांवाली निवासी राजेश पुत्र गोकुलराम के अनुसार उनके पिता गोकुलराम के नाम ग्राम पंचायत लीलांवाली की ओर से जारी पट्टे वाला एक भूखंड है, जिस पर उनका कब्जा और अधिकार है। आरोप है कि भूखंड के कब्जे को लेकर गांव के ही दो व्यक्तियों के साथ विवाद चल रहा है और इस दौरान कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज तथा धमकियां दी गईं। 8 जून की रात को कथित रूप से परिवार की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इसके संबंध में 9 जून को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत भी दी गई थी। इसके बावजूद 10 जून को पुलिस टीम की ओर से कार्रवाई के दौरान महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट किए जाने तथा कुछ लोगों को थाने ले जाने का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन के जरिए मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित व्यक्तियों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि 16 जून तक आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो 17 जून से संगरिया पुलिस थाना के समक्ष धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
