– एचपीवी टीकाकरण, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, लाडो योजना के भुगतान और जनसंख्या दिवस अभियान की तैयारियों की समीक्षा
हनुमानगढ़। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक बुधवार दोपहर 2 बजे जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशन में जिला कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई, जो देर शाम तक जारी रही। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीना, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अखिलेश शर्मा, आरसीएचओ डॉ. सुनील विद्यार्थी, जिला वैक्सीन स्टोर के डीपीसी डॉ. प्रीतमोहिन्दर सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मुकेश शेखावत, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. ओपी सोलंकी, समस्त बीसीएमओ, उपजिला अस्पताल-सीएचसी-पीएचसी इंचार्ज, बीपीएम सहित स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीना ने चिकित्सकों को स्वास्थ्य प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को अपने कार्य के प्रति पूर्ण समर्पण रखते हुए निर्धारित कार्यों को समय पर पूरा करना चाहिए तथा अपने पेशे की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। मीना ने मुख्यमंत्री लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत प्रथम एवं द्वितीय किस्त एवं जननी सुरक्षा योजना के बकाया भुगतान को निर्धारित समय में करने के निर्देश दिए। इसमें किसी भी स्तर पर हुई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जावेगी। उन्होंने कहा कि खण्डवार अभियान चलाकर जल्द से जल्द लाभार्थियों को राशि दी जाए। एचपीवी वैक्सीनेशन की गति बढ़ाने के उन्होंने निर्देश दिए कि वैक्सीनेशन की रिपोर्ट साप्ताहिक रूप से ली जावे।

विद्यालय सेमिनार, समाचार-पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से सरवाइकल कैंसर एवं एचपीवी वैक्सीनेशन की उपयोगिता के बारे में आमजन को जानकारी दी जाए। उन्होंने मां योजना के तहत सरकारी चिकित्सा संस्थानों को अधिक से अधिक पैकेज बुक करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य योजनाओं का खण्डवार प्रगति पर चर्चा करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने कहा कि बारिश के मौसम के देखते हुए चिकित्सा संस्थानों का विशेष ध्यान रखा जाए। यह सुनिश्चित करें कि चिकित्सा संस्थान की छतों पर पानी जमा ना हो एवं पर्याप्त साफ-सफाई रहे। इसके अलावा चिकित्सा संस्थान में साफ-सफाई एवं समस्त व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें। बायो मेडिकल वेस्ट का व्यवस्थित एवं नियमित रूप से निस्तारण हो। यदि किसी बिल्डिंग या उपकरण में कोई कमी हो, तो जिला स्तर पर इसकी जानकारी आवश्यक रूप से दें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा विद्यालयी गतिविधियों आयोजित कर बच्चियों को एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने निर्देश दिए मेडिकल ऑफिसर्स द्वारा ओडीके ऐप्प पर एंट्री की जाए। उन्होंने कहा कि इसकी नियमित रूप से राज्य स्तर से मॉनिटरिंग की जा रही है। डॉ. शर्मा ने बताया कि जिला स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत हरियाळो राजस्थान कार्यक्रम के अंतर्गत 10 से 12 जुलाई तक जिले में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। चिकित्सा विभाग को 7000 पौधे लगाकर उनकी जियो टैगिंग करनी है। आप सभी निर्धारित लक्ष्य के अनुसार स्थान का चयन करवा लें। उन्होने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को पीएम राहत योजना के तहत डेढ़ लाख रुपए तक का कैशलेश उपचार दिया जा रहा है। उन्होंने चिकित्सकों को पीएम राहत योजना के तहत पैकेज बुक करने की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में आयोजित शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों में आमजन को अधिक से अधिक चिकित्सकीय योजनाओं का लाभ दिया जाए। इसके अलावा विश्व जनसंख्या दिवस-2026 के अवसर पर 11 से 18 जुलाई तक विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत योग्य दंपत्तियों तक सीमित परिवार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, अनियोजित गर्भधारण की रोकथाम तथा बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल के प्रति जागरूक किया जाए। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अखिलेश शर्मा ने चिकित्सकों को जिले में मौसमी बीमारियों की वर्तमान स्थिति, उनकी रोकथाम, समय पर पहचान, उपचार प्रबंधन तथा प्रभावी नियंत्रण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

साथ ही, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया एवं जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों से भी अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि सूखा दिवस के तहत प्रत्येक शुक्रवार को समस्त कार्यालयों एवं प्रत्येक रविवार को घरों की साफ-सफाई आवश्यक रूप से की जाए। इसके अलावा प्रत्येक शनिवार को नो बैग पर विद्यालयों में बच्चों को मौसमी बीमारियों के बारे जानकारी दी जाए। उन्होंने समस्त डॉक्टर्स को मरूधरना मोबाइल ऐप्प के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ने एमआर वैक्सीनेशन, हेपेटाइटिस-बी वैक्सीनेशन, एनसीडी कार्यक्रम, एबीडीएम, आईएचएमएस आदि की खण्डवार रिपोर्टिंग ली। आरसीएचओ डॉ. सुनील विद्यार्थी एचपीवी वैक्सीनेशन, एएनसी, एचआरपी, संस्थागत प्रसव, एएनसी चैकअप, टीकाकरण के बारे में जानकारी दी। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मुकेश शेखावत ने 24 मार्च से 4 जुलाई तक आयोजित हुए सौ दिवसीय 492 टीबी शिविरों के बारे में आयोजित उपलब्धि के बारे में जानकारी दी। जिला औषधि विभाग के डीपीसी डॉ. प्रीतमोहिन्दर सिंह ने दवाओं की उपलब्धता एवं ऑनलाइन एंट्री को लेकर निर्देश दिए। मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. ओपी सोलंकी नशामुक्त अभियान के तहत आयोजित शिविरों के बारे में जानकारी दी। डीपीओ सुदेश कुमार ने खण्डवार रिपोर्ट एवं अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
