हनुमानगढ़। शहर के टाउन बस स्टैंड के पास स्थित सुलभ शौचालय में बुधवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। टाउन थाने में तैनात एएसआई सोहनलाल ने बताया कि युवक सुलभ शौचालय के कर्मचारी को अपना बैग देकर अंदर गया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह बाहर नहीं निकला तो कर्मचारी को संदेह हुआ। उसने शौचालय की जांच की, जहां युवक अचेत अवस्था में मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक की मौत हो चुकी थी। जांच के दौरान मृतक की पहचान पंजाब के फाजिल्का निवासी उग्रसेन के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटनास्थल से एक सिरिंज और कुछ अन्य सामान बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने नशे की डोज ली हो, जिसके चलते उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल टाउन थाना पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक हनुमानगढ़ किस उद्देश्य से आया था और घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज, किसी बीमारी या अन्य किसी कारण से हुई। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
