टिब्बी। राजस्थान पुलिस दिवस के अवसर पर आयोजित बीकानेर संभाग स्तरीय क्विज़ प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी क्षेत्र के होनहार छात्र श्यामसुंदर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, टिब्बी के कक्षा 10 के छात्र श्यामसुंदर (पुत्र प्रदीप कुमार) ने प्रतियोगिता में भारतीय न्याय संहिता, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी उत्कृष्ट समझ का परिचय दिया। कठिन और जटिल विषयों पर उनकी पकड़ ने उन्हें संभाग स्तर पर दूसरा स्थान दिलाया। इस उपलब्धि पर बीकानेर में आयोजित समारोह में छात्र को सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा तथा स्कूल शिक्षा विभाग की संयुक्त निदेशक सुनीता चावला ने श्यामसुंदर को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश कुमार भाटी सहित समस्त स्टाफ ने छात्र को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, टिब्बी शिक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी विद्यालय की छात्रा ममता ने इस प्रतियोगिता में जिला स्तर पर प्रतिनिधित्व कर विद्यालय का नाम रोशन किया था।श्यामसुंदर की इस सफलता से पूरे टिब्बी क्षेत्र में खुशी की लहर है और अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिली है।
संवाददाता- प्रभु राम
