हनुमानगढ़। संगरिया तहसील के गांव हरिपुरा निवासी किसान नेता एवं सहकारी समिति हरिपुरा के पूर्व निदेशक बलकौर सिंह ढिल्लों ने जिला कलक्टर को पत्र लिखकर दीनगढ़ से हरिपुरा तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करवाने की मांग की है। ढिल्लों ने बताया कि दीनगढ़ से हरिपुरा तक सड़क निर्माण कार्य कुछ समय पूर्व प्रारंभ किया गया था, परंतु ठेकेदार की ओर से कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से आमजन और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान स्थिति में सड़क अधूरी होने के कारण आवागमन बाधित है तथा ग्रामीणों और किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में गंभीर कठिनाइयां झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि गांव के भीतर कुछ स्थानों पर अधूरी सीसी ब्लाक एवं सड़क निर्माण के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। यह मार्ग क्षेत्र के अनेक किसानों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिसकी बदहाल स्थिति जनहित के विपरीत है। बलकौर सिंह ढिल्लों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग एवं ठेकेदार को निर्देशित कर दीनगढ़-हरिपुरा सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करवाया जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों और आमजन को राहत मिल सके।
