हनुमानगढ़। जंक्शन के रेलवे स्टेशन के बाहर श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का संगम देखने को मिला, जहां चौदस के पावन अवसर पर भैरवनाथ युवा समिति की ओर से खीर के भंडारे का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान भैरवनाथ की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना के बाद खीर प्रसाद वितरण शुरू हुआ, जो देर तक चलता रहा। रेलवे स्टेशन से गुजरने वाले यात्रियों ने भी रुककर प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की। इस मौके पर निवर्तमान सभापति सुमित रणवां ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सेवा कार्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को संस्कारों से जोड़ते हैं। वहीं किरयाना मर्चंेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक व्यास ने इसे सहयोग, समर्पण और एकता का प्रतीक बताया। भंडारे की व्यवस्था में नरेश पुरोहित, अमित अरोड़ा, विक्की पुरोहित, राजकुमार, मनीष सेन, अनिल, हरीश, राहुल शास्त्री, बिरजू, पंकज स्वामी और साहिल सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय योगदान दिया। आयोजन स्थल को धार्मिक वातावरण के अनुरूप सजाया गया था, जहां भक्ति संगीत और सेवा भाव ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार चौदस के दिन सेवा और प्रसाद वितरण का विशेष महत्व होता है। आयोजन के अंत में समिति ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक-धार्मिक कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया।
