हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर एवं नशा तस्कर इरफान खान उर्फ फान की करीब एक करोड़ रुपए कीमत की रिहायशी संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 एफ के तहत फ्रीज किया है। पुलिस के अनुसार चक 11 आरपी, लखूवाली में स्थित यह मकान करीब 3429 वर्गफुट क्षेत्रफल में बना हुआ है और इसे नशा तस्करी से अर्जित धन से निर्मित किया गया था। पुलिस के अनुसार इरफान खान उर्फ फान (32) पुत्र काले खां निवासी चक 11 आरपी लखूवाली, हनुमानगढ़ टाउन पुलिस थाना का हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधी है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अलावा हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित गंभीर प्रकृति के करीब 40 आपराधिक प्रकरण विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 6 नवंबर 2024 को हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने इरफान खान उर्फ फान और रहमत अली को मोटर साइकिल पर सवार होकर जाते समय पकड़ा था। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी।

इस संबंध में हनुमानगढ़ टाउन थाना में प्रकरण संख्या 753/2024 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। अनुसंधान के दौरान सामने आया कि इरफान खान अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर नशा तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। मामले में सह-आरोपी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
वित्तीय जांच में सामने आया संपत्ति का मामला
पुलिस के अनुसार आरोपी के संबंध में की गई वित्तीय जांच में उसके आय के वैध स्रोत नहीं पाए गए। जांच में सामने आया कि नशा तस्करी से अर्जित धन से चक 11 आरपी में करीब 3429 वर्गफुट क्षेत्रफल का रिहायशी मकान बनाया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपए है। इसी आधार पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 एफ के तहत संपत्ति को फ्रीज करने की कार्रवाई की।
नशे की कमाई से बनाई संपत्तियों पर कार्रवाई जारी रहेगी
जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि जिले में मादक पदार्थांे की तस्करी पर अंकुश लगाने, नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित करने के लिए ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अनुसार फ्रीज एवं जब्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई के निकटतम पर्यवेक्षण में वृत्ताधिकारी मीनाक्षी के नेतृत्व में हनुमानगढ़ टाउन थाना प्रभारी लखवीर सिंह गिल एवं पुलिस टीम की ओर से की गई।
