ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के नेतृत्व में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ऐलनाबाद थाना पुलिस ने नहर और सड़क किनारे लगे सरकारी वृक्षों की चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई लकड़ी और वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए ऐलनाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि वन विभाग में ब्लॉक खंड अधिकारी के पद पर तैनात सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि गांव शेरांवाली सड़क तथा गांव मिठ्ठी सुरेरां की नहर का निरीक्षण करने के दौरान कई स्थानों पर सड़क और नहर किनारे खड़े वृक्ष कटे हुए पाए गए। इसके बाद वन विभाग द्वारा अपने स्तर पर रिकॉर्ड की जांच की गई, जिसमें पता चला कि सड़क और नहर किनारों से कई सरकारी वृक्ष अवैध रूप से काटकर चोरी कर लिए गए हैं। वन विभाग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सरकारी वृक्ष चोरी कर सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान ऐलनाबाद थाना की पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान निशानदीप पुत्र जसविंद्र सिंह निवासी गांव पोहड़का, छोटूराम पुत्र ओमप्रकाश निवासी गांव किशनपुरा ढाणी, राजेंद्र उर्फ भीम पुत्र महेरचंद निवासी खारी सुरेरां तथा मदन पुत्र लालचंद निवासी वार्ड नंबर 8 ऐलनाबाद जिला सिरसा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ कर उनकी निशानदेही पर चोरी की गई सरकारी लकड़ी तथा वारदात में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
