– मनीष मक्कासर बोले- महंगाई से जनता परेशान, भाजपा सरकार हार के डर से सात साल बाद करा रही चुनाव
हनुमानगढ़। नगर निकाय चुनाव की रणभेरी बजने के साथ ही जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनावी मैदान में कांग्रेस ने जीत का दावा करते हुए जिले की सभी सात नगर पालिकाओं सहित नगर परिषद हनुमानगढ़ में भारी बहुमत से बोर्ड बनाने का दावा किया है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने गुरुवार को एक कांग्रेस प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर मीडिया से बातचीत में यह दावा किया। मक्कासर ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी के घर का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि चीनी के दाम 32 रुपये से बढ़कर करीब 80 रुपये तक पहुंच गए हैं, जिसके चलते लोग फीकी चाय पीने को मजबूर हैं। इसी तरह गुड़ के साथ पेट्रोल-डीजल के दामों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण आमजन की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं और जनता इसका जवाब निकाय चुनाव में देगी।
कांग्रेस में टिकट के लिए सबसे अधिक दावेदार : मक्कासर
कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर पूछे गए सवाल पर मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में लोगों की विचारधारा और विश्वास जुड़ा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि प्रत्येक वार्ड से कांग्रेस के टिकट के लिए कई-कई आवेदन प्राप्त हुए, जबकि अन्य राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों की तुलना में कांग्रेस के दावेदारों की संख्या अधिक रही। उन्होंने कहा, “घर-घर में कांग्रेस बैठी है और कांग्रेस का हर घर में वोट है।” मक्कासर ने कहा कि राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार इस बार युवाओं और महिलाओं को अधिक अवसर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि जिले में करीब 55 से 60 प्रतिशत टिकट युवाओं और महिलाओं को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसान, व्यापारी और युवा वर्ग भाजपा से नाराज है तथा सभी वर्ग कांग्रेस को निकाय चुनाव में जीत दिलाने का मन बना चुके हैं।
‘हार के डर से सात साल बाद हो रहे चुनाव’
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मक्कासर ने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव कराने से बच रही थी, क्योंकि उसे अपनी हार साफ दिखाई दे रही थी। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश के बाद ही निकाय चुनाव हो रहे हैं। सामान्य तौर पर पांच वर्ष बाद चुनाव होने चाहिए, लेकिन डर के कारण सात वर्ष बाद चुनाव करवाए जा रहे हैं। कांग्रेस के तीन प्रत्याशियों के नामांकन पत्र खारिज होने के सवाल पर उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस के युवाओं के नामांकन मामूली कमियों के आधार पर खारिज करवाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार डर चुकी है और इसी के चलते इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता कांग्रेस के साथ है और चुनाव में कांग्रेस अपना परचम लहराएगी।
‘मिनी चंडीगढ़ कांग्रेस की देन’
निर्दलीय विधायक द्वारा ‘मिनी चंडीगढ़’ के नाम पर वोट मांगने के सवाल पर मक्कासर ने कहा कि जिस मिनी चंडीगढ़ की बात की जा रही है, उसकी नींव कांग्रेस के कार्यकाल में रखी गई थी। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस के प्रत्याशियों को जिताकर नगर परिषद में कांग्रेस का सभापति बनाया था और उस समय प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार थी। उनके अनुसार उस कार्यकाल में हनुमानगढ़ में हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए। मक्कासर ने विधायक के करीब पौने तीन वर्ष के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि हनुमानगढ़ में विकास के नाम पर एक ईंट तक नहीं लगी। उन्होंने शहर की जलभराव की समस्या को लेकर भी विधायक और सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय पर थोड़ी सी बारिश होते ही गरीबों के मकान पानी में डूब जाते हैं, जबकि जिला कलक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक तीन-तीन दिन पानी में डूबे रहते हैं। मक्कासर ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जनता महंगाई, विकास और स्थानीय मुद्दों को लेकर मतदान करेगी तथा कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताकर निकायों में कांग्रेस के बोर्ड बनाएगी।
