
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं आयुर्वेद विभाग के तत्वावधान में 29 दिसम्बर से 7 जनवरी तक दस दिवसीय नि:शुल्क क्षारसूत्र अंतरंग शल्य चिकित्सा शिविर का आयोजन जंक्शन की दुर्गा मंदिर धर्मशाला के प्रांगण में किया जा रहा है। बड़ी तादाद में मरीज इस नि:शुल्क चिकित्सकीय शिविर का लाभ ले रहे हैं। शिविर स्थल पर योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की ओर से लगाई गई स्टॉल पर रोगियों सहित आमजन भी अंकुरित आहार, हर्बल पेय हुंजा चाय का सेवन कर रहे हैं। योग नेचुरोपैथी टीम अनुरीत कौर, दयाराम, राधेश्याम आदि की ओर से प्रतिदिन योगासन की क्रियाएं भी करवाई जा रही हैं।

आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ शर्मा ने राज्य सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना के अंतर्गत आयोजित शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए आमजन से आह्वान किया। योग प्राकृतिक चिकित्सा प्रभारी डॉ. कुलदीप ने बताया कि शिविर में पाइल्स, बवासीर, भगंदर (फिस्टुला), प्राकृतिक रोगों एवं अन्य गुर्दा रोग से संबंधित मरीजों का नि:शुल्क उपचार किया जा रहा है। शिविर प्रभारी डॉ. डीसी सारस्वा ने बताया कि शिविर में पंजीकृत रोगियों को नि:शुल्क जांच, भोजन, ऑपरेशन, औषधियां एवं फॉलो-अप की सुविधा प्रदान की जाएगी। यह शिविर रोगियों के लिए आयुर्वेदिक पद्धति से सुरक्षित, प्रभावी एवं विश्वसनीय उपचार का सशक्त माध्यम सिद्ध होगा।
