ऐलनाबाद। रानियां थाना क्षेत्र के धनुर रोड स्थित वार्ड नंबर 10 में 13 मार्च 2026 को दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का सिरसा पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। जानकारी के अनुसार, वारदात के दिन चार युवक स्कूटी और मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक ढाणी में पहुंचे और खुद को बिजली मिस्त्री बताकर घर में प्रवेश कर गए। घर में घुसते ही आरोपियों ने पिस्तौल के बल पर 13 वर्षीय पोते को बंधक बना लिया और बुजुर्ग दंपती को जान से मारने की धमकी देकर घर में रखे एक मोबाइल फोन, लैपटॉप तथा करीब 8 से 9 हजार रुपये की नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। पीड़िता गुरदीप कौर पत्नी संतोख सिंह की शिकायत पर रानियां थाना में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने विशेष पुलिस टीमों का गठन कर मामले को शीघ्र सुलझाने के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस ने अहम सुराग जुटाते हुए वारदात में शामिल तीन आरोपियों—प्रमोद कुमार पुत्र राजेंद्र निवासी ढाणी जोगा सिंह, गुरपिंदर सिंह पुत्र जरनैल सिंह तथा सुखदेव सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी रानियां—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी का भी खुलासा किया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप तथा वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
संवाददाता- रमेश भार्गव
