हनुमानगढ़। मण्डी गोलूवाला की गुरुद्वारा सिंह सभा के पदाधिकारियों ने गोलूवाला थाना पुलिस के खिलाफ भ्रामक प्रचार किए जाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि गोलूवाला थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस कर्मियों की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से कुछ लोगों की ओर से भ्रामक प्रचार किया जा रहा है, जबकि थाना पुलिस की ओर से क्षेत्र में सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। प्रतिनिधियों ने बताया कि पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों गोलूवाला स्थित गुरुद्वारा श्री मेहताबगढ़ साहिब को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। उस समय कानून व्यवस्था बनाए रखने और माहौल को शांतिपूर्ण बनाने में गोलूवाला थाना प्रभारी की अहम भूमिका रही। पुलिस की सक्रियता से स्थिति को नियंत्रित किया गया। सभा पदाधिकारियों का कहना है कि जब से पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है, तभी से कुछ लोग पुलिस के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि इस मामले में उचित कदम उठाते हुए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से अपना कर्तव्य निभा सकें। इस मौके पर जीत सिंह, डॉ. प्रीतम सिंह, सुरेंद्र, जगतपाल निवाद, सुखविंद्र सिंह, गुरमेल सिंह, गोविंद सिंह मौजूद थे।
