रावतसर। भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से परेशान वार्ड नंबर 06 के लोगों का गुस्सा गुरुवार को जलदाय विभाग के खिलाफ फूट पड़ा। अनियमित पानी सप्लाई, कम प्रेशर, दूषित पानी और पाइप लाइन लीकेज जैसी समस्याओं से परेशान वार्डवासियों ने रावतसर जलदाय विभाग कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताते हुए कार्यालय के बाहर मटके फोड़े और एईएन कार्यालय का घेराव कर अपनी नाराजगी व्यक्त की। वार्डवासियों ने सहायक अभियंता को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाया कि जाट कॉलोनी स्थित टंकी से होने वाली पेयजल आपूर्ति पूरी तरह अव्यवस्थित है। उनका कहना है कि पानी सप्लाई का कोई निश्चित समय नहीं है और कई बार देर रात या कई-कई दिनों बाद पानी छोड़ा जाता है। लोगों ने आरोप लगाया कि सप्लाई का जिम्मा संभाल रहा कर्मचारी मनमाने तरीके से कार्य कर रहा है तथा कुछ लोगों के कहने पर ही पानी सप्लाई की जा रही है, जबकि अन्य लोगों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने संबंधित कर्मचारी को हटाने की मांग भी उठाई।प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वार्ड नंबर 06 की गली नंबर 36 में लक्ष्मी ज्वेलर्स के पास लंबे समय से पानी नहीं पहुंच रहा है। लोगों का आरोप है कि पाइप लाइन में जाम या लीकेज की समस्या होने के बावजूद विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। वहीं गुरु गोरखनाथ गोशाला के पास सेमनाला पुलिया क्षेत्र में रहने वाले कई परिवारों के घरों में पिछले एक वर्ष से पानी की आपूर्ति नहीं होने का आरोप भी लगाया गया। ज्ञापन में नाथ जी मंदिर से अलीशेर खान के घर तक जाने वाली गली में कई स्थानों पर पाइप लाइन लीकेज की शिकायत भी दर्ज कराई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि लीकेज के कारण मकानों में सीलन आने लगी है, जिससे नुकसान हो रहा है। वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते लीकेज नहीं सुधारे गए तो होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी विभाग की होगी। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने मांग की कि रात के समय पानी सप्लाई बंद की जाए और दिन के समय नियमित आपूर्ति की जाए। उनका कहना है कि गर्मी में बिजली का लोड अधिक होने से मोटरें सही ढंग से काम नहीं करतीं, जिससे लोगों को पानी भरने में परेशानी होती है। साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी पहुंचाने के लिए सप्लाई प्रेशर बढ़ाने की भी मांग की गई। इस दौरान महिला नेत्री प्रवीणा मेघवाल के नेतृत्व में कुछ महिलाओं ने जलदाय विभाग की टंकी पर चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। धरना-प्रदर्शन के बाद एईएन विजय सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। इस पर एईएन विजय सिंह ने कहा कि पिछले दिनों नहर बंदी के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई थी, लेकिन अब स्थिति जल्द सामान्य कर नियमित सप्लाई शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष देवीलाल मटोरिया, रोहिताश धानका, विनोद नाथ, निरंजन बिश्नोई, बीटू वर्मा, शिव भगवान रेगर, कपिल जोशी, सीताराम सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और कस्बेवासी मौजूद रहे।
संवाददाता- जगत जोशी
