हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय, एमएसएमई एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पंचगौरव कृषि मेले के समापन समारोह में कृषि विभाग की आत्मा योजना (कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन संस्थान) के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय परिसर में किया गया। कृषि विभाग की आत्मा योजना के उपनिदेशक सुभाष चंद डूडी ने बताया कि पंचायत समिति हनुमानगढ़ की ग्राम पंचायत 22 एनडीआर निवासी प्रगतिशील किसान ओमप्रकाश खालिया ने कृषि क्षेत्र में नवाचार और अनुकरणीय कार्य कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। समन्वित कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, जैविक खेती एवं नवाचार आधारित खेती में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य सरकार की ओर से 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, डॉ. उमेश श्रीवास्तव, डॉ. आरएल सपरा तथा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कृषि विशेषज्ञ उपस्थित रहे। अतिथियों ने ओमप्रकाश खालिया को सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और उन्हें अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा आत्मा योजना से जुड़कर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
