हनुमानगढ़। भीम आर्मी संविधान जागृति भारत एकता मिशन के तत्वावधान में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के मौके पर जंक्शन के वार्ड नंबर 58, सुरेशिया स्थित सामुदायिक भवन में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके पश्चात शहर में नमो भीम जागृति रैली निकाली गई, जिसमें नागरिकों को शिक्षा, संगठन और समानता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरमीत सिंह चन्दड़ा ने की। रैली को मुख्य अतिथि पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, संविधान निर्माण में उनके योगदान तथा सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम अध्यक्ष गुरमीत सिंह चन्दड़ा ने कहा कि संविधान हर वर्ग को समान अधिकार प्रदान करता है और समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करता है।

नन्दकिशोर पप्पी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर की जयंती विश्व स्तर पर मनाई जाने वाली सबसे बड़ी जयंती है, जो उनके विचारों की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाती है। कार्यक्रम में पूर्व उपसभापति नगीना बाई, सुमन चावला, पूर्व पार्षद लड्डू कबाड़िया, रमजान भाटी, सुमन जसैल, दीपक बारोटिया, पुष्पेन्द्र सिंह, वेद सुरेश शर्मा, कुलदीप औलख, दलीप बसेर, मुकेश कुमार, सुमेर सिंह, रामकुमार खन्ना, लालचन्द आदि मौजूद रहे।
