हनुमानगढ़। ग्राम गुरुसर के ग्रामीणों ने प्रशासक एवं प्रशासक कमेटी के खिलाफ कथित रूप से झूठी शिकायतें करने और विकास कार्यां में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए बुधवार को जिला कलक्टर को प्रार्थना पत्र सौंपा। प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कुछ व्यक्ति ग्राम पंचायत प्रशासक से राजनीतिक रंजिश रखते हैं। आरोप है कि इन लोगों ने पंचायत चुनाव में अपने प्रत्याशी खड़े किए थे, जो चुनाव में पराजित हो गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी राजनीतिक द्वेष के चलते ये लोग समय-समय पर प्रशासक व ग्राम पंचायत की झूठी शिकायतें करते रहते हैं और विकास कार्यां में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में भी कई शिकायतें की गई थीं, जिनका विभाग की ओर से संतोषजनक जवाब दिया जा चुका है और वे सभी शिकायतें निराधार पाई गई थीं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि झूठी शिकायतों पर रोक लगाई जाए और ग्राम पंचायत में चल रहे विकास कार्यांे को सुचारू रूप से जारी रखा जाए, ताकि गांव का विकास प्रभावित न हो। इस मौके पर ओमप्रकाश, सोहनलाल, रामेश्वरलाल, बलदेव सिंह, मदनलाल सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
