– पक्कासहारणा विद्यालय के 12वीं कृषि संकाय के विद्यार्थियों ने जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन, शिकायत के बाद प्रताड़ित करने का लगाया आरोप
हनुमानगढ़। गांव पक्कासहारणा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 12 कृषि संकाय के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं उपप्रधानाचार्य पर डराने-धमकाने और भविष्य खराब करने की धमकी देने का आरोप लगाया। विद्यार्थियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में छात्रों ने बताया कि वे कक्षा 12 कृषि संकाय में अध्ययनरत हैं। उन्होंने पूर्व में विद्यालय के प्रधानाचार्य और उपप्रधानाचार्य पूनम महला के संबंध में जिला प्रशासन को शिकायत दी थी। विद्यार्थियों का आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज होकर गुरुवार को पांचवें कालांश के दौरान उन्हें हिन्दी की कक्षा से बुलाकर कृषि संकाय के कक्षा-कक्ष में ले जाया गया, जहां उपप्रधानाचार्य पूनम महला ने करीब एक घंटे तक उन्हें डराया-धमकाया और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाते हुए उनका भविष्य खराब करने की धमकी दी। छात्रों का यह भी आरोप है कि इसके बाद प्रधानाचार्य भी कक्षा में पहुंचे और उन्होंने भी इसी प्रकार की बातें कहीं, जिससे सभी विद्यार्थी मानसिक रूप से भयभीत हो गए। ज्ञापन में विद्यार्थियों ने कहा कि विद्यालय का माहौल उनके लिए असुरक्षित और भय का वातावरण बन गया है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। छात्रों ने चेतावनी दी कि जब तक प्रधानाचार्य और उपप्रधानाचार्य के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे विद्यालय में अध्ययन के लिए नहीं आएंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर उन्हें निष्पक्ष और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की।
