
हनुमानगढ़। फुडग्रेन मर्चेन्ट्स एसोसिएशन एवं व्यापार मंडल शिक्षा समिति के नवनियुक्त पदाधिकारी मंगलवार को विधायक आवास पर पहुंचे और विधायक गणेशराज बंसल का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर फुडग्रेन मर्चेन्ट्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नरोत्तम सिंगला, संतराम जिंदल, अमित माहेश्वरी एवं पूर्व सचिव सन्नी जुनेजा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में फुडग्रेन मर्चेन्ट्स एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल, सचिव दलीप सिंह ढिल्लो, कोषाध्यक्ष प्रवीण तलवाडिया तथा व्यापार मंडल शिक्षा समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्याण, उपाध्यक्ष विकास हिसारिया, सचिव हरीकृष्ण खदरीया, सहसचिव संजय कुमार एवं कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र गोयल मोन्टी शामिल रहे। सभी पदाधिकारियों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन व सहयोग से संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। विधायक गणेशराज बंसल ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि फुडग्रेन मर्चेन्ट्स एसोसिएशन और व्यापार मंडल शिक्षा समिति दोनों ही क्षेत्र के आर्थिक और शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मंडी व्यापार से जुड़े व्यापारी जहां किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सेतु का कार्य करते हैं, वहीं शिक्षा समिति भावी पीढ़ी को संस्कारित और शिक्षित करने में अहम योगदान दे रही है। विधायक बंसल ने कहा कि मंडी क्षेत्र के विकास, व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार और शिक्षा संस्थानों के सुदृढ़ीकरण के लिए जो भी आवश्यकताएं होंगी, उन्हें पूरा करवाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सड़क, बिजली, पानी, साफ-सफाई तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए वे संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्रवाई करवाएंगे। इस दौरान पदाधिकारियों ने मंडी से संबंधित विभिन्न मुद्दों, व्यापारियों की समस्याओं तथा शिक्षा समिति द्वारा संचालित संस्थानों की आवश्यकताओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पूर्व पदाधिकारियों ने भी नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुभव और युवा ऊर्जा के समन्वय से संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि वे संगठन के हित में ईमानदारी व समर्पण के साथ कार्य करेंगे और मंडी व्यापार तथा शिक्षा के क्षेत्र में विकास को नई दिशा देंगे। विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने उनके नेतृत्व में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की अपेक्षा जताई। इस मौके पर बालकृष्ण कर्मचंदानी, सोहन सिंह, विनोद गोयल, अमित दुग्गड़, पवन खदरीया, प्यारेलाल काठपाल, राजकुमार सोड़ा, विपिन गोयल सहित अन्य व्यापारी मौजूद थे।
