ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार जिला में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस ने बाइक चोरी की वारदात को सुलझाते हुए एक आरोपी को चोरीशुदा मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले की जानकारी देते हुए नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी ने बताया कि गांव कागदान निवासी हरदत्त पुत्र सुरेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 18 अगस्त 2025 को सुबह करीब 10 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल बस स्टैंड चौपटा पर खड़ी कर किसी काम से चला गया था। शाम करीब 6 बजे जब वह वापस लौटा तो उसकी मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बाइक चोरी कर ले जाने पर पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना नाथूसरी चौपटा में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए माखोसरानी मोड़ चौपटा क्षेत्र से आरोपी सोनू पुत्र महावीर निवासी गांव सदलपुर, जिला हिसार को चोरीशुदा मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी हुई है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
