हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड नंबर 10 में बुधवार अलसुबह घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ की घटना से हड़कंप मच गया। कार में तोड़फोड़ कर भाग रहे युवकों में से एक को मौके पर एकत्रित मोहल्लेवासियों ने पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

कार मालिक ने घटना में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने और नुकसान की भरपाई करवाने की मांग की है। वार्ड नंबर 10 निवासी रवि ने बताया कि बुधवार सुबह करीब पांच बजे दो-तीन युवक उसके घर के बाहर आए और वहां खड़ी कार के शीशे तोड़ दिए। आसपास के लोगों ने युवकों का पीछा किया और एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि उनके मोहल्ले में बाबा का दीवान लगा हुआ था, जहां लड़ाई-झगड़ा हो गया था। उन्हें शक था कि घर के बाहर खड़ी कार में बाबा के दीवान में आए लोग सवार थे। इसी गलतफहमी में उन्होंने कार में तोड़फोड़ कर दी और उसके आगे व पीछे के शीशे तोड़ दिए।

मोहल्लेवासियों ने पकड़े गए युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। रवि के अनुसार कार में तोड़फोड़ के कारण करीब 20 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने पुलिस से घटना में शामिल अन्य युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई करने तथा नुकसान की भरपाई करवाने की मांग की। रवि ने कहा कि इस घटना के बाद मोहल्लेवासियों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की, ताकि क्षेत्र में लोग भयमुक्त होकर रह सकें। इस मौके पर पूर्व पार्षद सुरेश महायच सहित कई अन्य मोहल्लेवासी मौजूद रहे।
