ऐलनाबाद। बाल गोपाल भजन मंडली ऐलनाबाद के सौजन्य से आयोजित सात दिवसीय धार्मिक यात्रा मंडली अध्यक्ष मीनू गुंबर के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस यात्रा में महिला संत दीक्षा दीदी की विशेष उपस्थिति रही, जिनका आशीर्वाद सभी धर्मप्रेमी यात्रियों को प्राप्त हुआ। ऐलनाबाद से लगभग 50 श्रद्धालु इस धार्मिक यात्रा में शामिल हुए। यात्रा की शुरुआत ऐलनाबाद के रामलीला मैदान से हुई और श्रद्धालुओं ने विभिन्न पवित्र तीर्थ स्थलों के दर्शन किए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने खाटू श्याम, पुष्कर राज स्थित ब्रह्म मंदिर, चित्तौड़गढ़ के सांवरिया सेठ मंदिर, उज्जैन के महाकाल मंदिर, ओंकारेश्वर महादेव, ममलेश्वर, नलखेड़ा की बगलामुखी सिद्धपीठ, पशुपतिनाथ मंदिर, काल भैरव सिद्धपीठ सहित मार्ग में पड़ने वाले कई देवी-देवताओं के मंदिरों में मत्था टेका।

इसके बाद श्रद्धालु राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री सालासर बालाजी पहुंचे और श्रीराम भक्त हनुमान जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा के दौरान भजन मंडली भी साथ रही, जिसके कारण वातानुकूलित बस में पूरे समय संकीर्तन का वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति हुई। मंडली अध्यक्ष श्रीमती मीनू गुंबर ने यात्रियों के ठहरने और भोजन सहित सभी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा। भजन मंडली के सदस्य सोमबीर, मुस्कान, पायल और मीना सरदाना ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। यात्रा के समापन पर सभी यात्रियों ने जत्था संचालक मीना गुंबर और राकेश कुमार का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में आयोजित होने वाली धार्मिक यात्राओं के लिए भी अपना पंजीकरण करवाया।
