हनुमानगढ़। गांव डबलीबास पेमा की भांभूवाली ढाणी में ग्रामीणों की मांग पर जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) की ओर से सोमवार को 3.5 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया। ट्रांसफार्मर लगने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होने तथा ग्रामीणों की विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली की समस्या के समाधान की मांग को लेकर गत दिनों जीएसएस पावर हाउस में धरना दिया गया था। इसके बाद डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर दो नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की गई थी। इसी बीच रविवार को जीएसएस पावर हाउस में लगा 3.5 एमवीए का एक ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो गया। इसके चलते पावर हाउस से जुड़ी सभी लाइनों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डिस्कॉम अधिकारियों को दी। इसके बाद सोमवार को डिस्कॉम की ओर से 3.5 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत व्यवस्था बहाल करने की दिशा में कदम उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि पावर हाउस में अभी 3.5 एमवीए क्षमता के एक और नए ट्रांसफार्मर की आवश्यकता है। अधीक्षण अभियंता की ओर से एक सप्ताह के भीतर दूसरा ट्रांसफार्मर लगवाने का आश्वासन दिया गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में दूसरा ट्रांसफार्मर स्थापित नहीं किया गया तो वे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर गुरदास बराड़, गुरदेव ज्याणी, राजेन्द्र रणवां, करण ज्याणी, सुभाष रणवां सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
