बीकानेर/नोखा। नोखा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई और सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कॉर्पियो में सवार एक युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, श्रवणराम (39) निवासी श्रीबालाजी (नागौर) अपने बेटे मुकेश (15) के साथ नोखा बाजार से स्कूल की कॉपियां और किताबें खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बूंदरों की ढाणी के पास रामरख सहारण पेट्रोल पंप के सामने तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पलट गई और उनकी बाइक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि श्रवणराम और मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर उनके द्वारा खरीदी गई कॉपियां और बैग बिखरे मिले, जो हादसे की भयावहता को बयां कर रहे थे। स्कॉर्पियो में सवार कुशाल (39) निवासी जांगलू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले नोखा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वाहन चालक को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
