हनुमानगढ़। भीषण गर्मी, बढ़ते तापमान और नौतपा के प्रकोप के बीच जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को महिला एवं बाल जागृति मंच एवं अखिल भारतीय अग्रवाल महिला संगठन की ओर से मुख्यमंत्री पुनर्वास केन्द्र, जंक्शन में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत पुनर्वास केन्द्र में आवासित विशेष योग्यजनों, बच्चों एवं बुजुर्गांे के लिए शरबत की छबील लगाई गई तथा ताजे मौसमी फलों का वितरण किया गया। संस्था सदस्यों की ओर से केन्द्र के आसपास झुग्गी-झोंपड़ियों में निवासरत जरूरतमंद परिवारों के बीच भी शरबत, जूस, नींबू पानी और ठंडे फलों का वितरण किया गया। इस दौरान महिलाओं ने लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय बताते हुए अधिक पानी पीने, धूप से बचने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण अधिकारी विक्रम सिंह रहे। उन्होंने संस्था की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यांे की सराहना करते हुए इसे सकारात्मक, प्रेरणादायी और समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाना बहुत बड़ा मानव धर्म है। सामाजिक संस्थाओं के इस प्रकार के प्रयास समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। महिला एवं बाल जागृति मंच की अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अग्रवाल महिला संगठन की जिलाध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने बताया कि बढ़ती गर्मी और लगातार बिगड़ते पर्यावरणीय हालात को देखते हुए समिति की ओर से मुख्यमंत्री पुनर्वास केन्द्र में रह रहे लगभग 100 विशेष योग्यजनों के लिए शरबत, नींबू पानी और ठंडे दूध की व्यवस्था की गई। साथ ही उन्हें ताजे मौसमी फलों का वितरण भी किया गया ताकि इस भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सके। सुनीता अग्रवाल ने कहा कि मानव सेवा के साथ-साथ पशु-पक्षियों का भी विशेष ख्याल रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में राहगीरों, पशुओं और पक्षियों के लिए पानी और दाना-पानी की व्यवस्था अवश्य करनी चाहिए। इस मौके पर प्रो. सुमन चावला, दर्शना अग्रवाल, अनुपमा विजय, मोनिका जिंदल, रेखा बंसल, वनिता सिंगला, लीजा गोयल, मनीषा सिंगला, सोनू अग्रवाल, आशा मित्तल, अमृतलाल गोयल, कोमल अग्रवाल, विकास बंसल, गौरव जिंदल मौजूद रहे।
